अंतिम संस्कार में आया युवक गंगा में डूबा

करंडा थाना क्षेत्र के चोचकपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में आया एक युवक गंगा स्नान के दौरान डूब गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस गोताखारों के माध्यम से युवक की तलाश शुरू कर दी। उधर युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।

नंदगंज थाना क्षेत्र के रेवसा गांव निवासी मौलवी बिंद की पत्नी फौदी देवी का निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के लिए गांव से कई लोग करंडा थाना क्षेत्र के चोचकपुर गंगा घाट पर गए थे। दाह-संस्कार के बाद अन्य लोगों के साथ गांव निवासी गनपत बिंद का पुत्र राजकुमार बिंद (28) भी स्नान कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख जब तक लोग उसे बचाने की कोशिश करते, तब तक डूब गया। जानकारी होते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर परिवार के लोगों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से जाल डलवाकर युवक की तलाश गंगा में शुरु करा दिया। इस दौरान परिवार के लोग किनारे बैठकर बिलखते रहे। घर पर मौजूद पत्नी लक्ष्मीना रो-रोककर बेहाल थी। वह रोते-रोते कभी पूरी तरह से शांत हो जा रही थी तो कभी अपने दो माह की बेटी का चेहरा देख दहाड़े मारकर चीख-पुकार करने लग रही थी। उसे सांत्वना देने वालों की आंखें भी छलक जा रही थी। राजकुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि गोताखोरों के माध्यम से युवक की तलाश कराई जा रही थी। देर शाम छह बजे तक उसका कुछ पता नहीं लग सका था।