भावरकोल:बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल अवथही में हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

विद्यालय में इस अवसर पर कविता वाचन, पत्र लेखन, सुलेख, कहानी वाचन, वाद-विवाद और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। उक्त कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रति अपना सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान अर्जित करना आवश्यक है, परन्तु अपनी मातृभाषा हिंदी को बोलने, लिखने और पढ़ने में कभी संकोच नहीं करना चाहिए, बल्कि उस पर गर्व करना चाहिए।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों की लेखन क्षमता, वाचन कौशल और शुद्ध वर्तनी को बेहतर बनाने के लिए विविध गतिविधियाँ कराई गईं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतेन्दु हरिश्चंद्र की पंक्ति *”निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल, बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल”* की महत्ता पर प्रकाश डाला और दैनिक जीवन में मातृभाषा के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक भानु प्रताप राय ने प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
