गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 38वां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2023) शहर के वंशीबाजार स्थित एक पैलेस के सभागार में आयोजित हुआ। इसका शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से किया। समारोह में राजस्थान विश्वविद्यालय एवं हिमाचल प्रदेश के केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली के सेंटर फॉर मैनेजमेंट स्टडीज के प्रोफेसर (डॉ.) फुरकान कमर को गाजीपुर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
जिले के बहरियाबाद निवासी डॉ. फुरकान कमर ने कहा कि अपनों के बीच अपनों से सम्मान पाना सभी सम्मानों से महत्वपूर्ण एवं श्रेष्ठ है। शिक्षा एक ऐसा जरिया है जिसके सहारे लोगों के हालात बदल जाते हैं। शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी है, इसके बगैर शिक्षा बेमानी है। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत ही एक ऐसा देश है जहां दुनिया में जितने धर्म, मत, पंथ, संप्रदाय एवं विचाराधाराएं हैं, सब स्वीकार हैं, सभी का सम्मान है।उन्होंने कहा कि राजनेताओं के बहकावे में आकर हम लड़ते हैं, यह ठीक नहीं है। हमें अपनी मातृभूमि एवं राष्ट्र से प्रेम करना चाहिए। इस पर गर्व करना चाहिए। हमारे मन में राष्ट्र प्रथम, राष्ट्र अंत एवं राष्ट्र हमेशा का भाव रहना चाहिए। इस अवसर पर संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर न्यू होराइजन एकेडमी एवं डी-ड्रीम्स डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सेंट जांस स्कूल की संगीत शिक्षिका माया नायर, लव कुश तिवारी, डॉ. प्रेम तिवारी, पुष्कर उपाध्याय, शांभवी उपाध्याय आदि ने गीत सुनाकर श्रोताओं की वाहवाही लूटी। समारोह की अध्यक्ष पद्मश्री अजिता श्रीवास्तव ने कजरी सुनाकर लोगों को मुग्ध कर दिया। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजीव श्रीगुरुजी, वरिष्ठ साहित्यकार शेख जैनुल आब्दीन, प्रमुख उद्यमी रामजी केशरी, डॉ. रविनंदन वर्मा, हीराराम गुप्ता, आनंद प्रकाश अग्रवाल, राजीव मिश्रा, शशिकांत राय, हर्षित श्रीवास्तव, मनोज सिंह, संगीता तिवारी, रागिनी तिवारी, सविता सिंह, निर्मला जायसवाल, डॉ. संतोष सिंह, डॉ. आनंद सिंह, डॉ. श्रीकांत पांडेय आदि उपस्थित थे। संचालन संस्था के उपाध्यक्ष संजीव गुप्त एवं धन्यवाद संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने व्यक्त किया।
