परिजनों के रोने- बिलखने से मची चीख-पुकार

लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से बृहस्पतिवार की शाम दो चचेरी बहनों की कटकर मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से गांव में चीख- पुकार मची गई।
बिशुनपुरा गांव निवासी रोली यादव (16) अपनी सगी बहन कंचन यादव चचेरी बहन वंदना यादव (17) के साथ शाम पांच करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाने गई थी। इसके बाद रोली और वंदना दोनों ट्रैक पकड़कर घर वापस हो रही थी। स्थानीय बाजार के पास सामने से आ रही डीएमयू ट्रेन को देखकर दोनों चचेरी बहन दूसरे ट्रैक पर चली गईं।

जबकि पीछे से आ रही गोंदिया एक्सप्रेस को दोनों नहीं देख सकी और चपेट में आने से वंदना और रोली की कटकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। इधर परिवार के लोग भी रोते- बिलखते थाने पहुंच गए और शव देख दहाड़े मारकर रोने लगे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोली यादव अपनी सगी बहन कंचन यादव को सुसराल बलिया जनपद के फेफना जाने के लिए करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर छोड़ने चचेरी बहन वंदना के साथ आई थी। इस संबंध में करीमुद्दीपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि दोनों किशोरियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।