नंदनी यादव की मौत की न्यायिक जांच के लिए नामित हुए एडीएम, 14 से 18 जून तक दर्ज करा सकेंगे बयान

मौधा। खानपुर थानाक्षेत्र के मधुबन गांव निवासी बदमाश विकास यादव विक्की के हाफ एनकाउंटर के फर्जी होने के परिजनों के दावे व विकास की पत्नी नंदिनी की संदिग्ध अवस्था में मौत के बाद पुलिस पर शिकंजा कसता जा रहा है। नंदिनी की मौत के मामले की न्यायिक जांच की संस्तुति कर दी गई है। जिसके बाद जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने इस मामले में एडीएम अरूण कुमार सिंह को मजिस्ट्रियल जांच के लिए अधिकारी नामित किया है। अब एडीएम पूरे मामले की जांच करके रिपोर्ट सौंपेंगे। इस बाबत एडीएम ने कहा कि रमेश यादव के प्रार्थना पत्र के अनुसार, 6 जून की रात ढाई बजे मधुबन निवासिनी नंदिनी यादव अपने पति विकास के साथ जौनपुर के चंदवक स्थित उचहुवां में अपने ननिहाल में एक शादी में शामिल होने गई थी। आरोप है कि वहां पर वर्तमान में निलंबित व तत्कालीन थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा दल बल के साथ पहुंचे थे। वहां उन्होंने नंदिनी के घर जाकर दरवाजा खोलने के लिए कहा। इसके बाद कथित रूप से दरवाजा तोड़ दिया और विकास को उठाकर ले जा रहे थे। इस बीच नंदिनी से रास्ते में नोक झोंक हुई, जिसमें नंदिनी की मौत हो गई। एडीएम ने बताया कि इस घटना की मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। बताया कि जिस व्यक्ति को इस मामले में अपना मौखिक, लिखित बयान दर्ज कराना हो या कोई दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत करना हो तो वो 14 से 18 जून के बीच किसी भी कार्यदिवस में एडीएम कार्यालय में आकर अपना पक्ष रख सकता है।