मुख्तार अंसारी पर प्रशासन सख्त,कुर्क हुआ भाभी का 1करोड़ 50 लाख का पेट्रोल पंप

गाजीपुर में मुख्तार अंसारी और उनके करीबियों के खिलाफ जिला प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को मोहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत गौसपुर गांव के पास मुख्तार अंसारी के भाई पूर्व सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी के नाम से संचालित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप को जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्क किया गया।

यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत मोहम्मदाबाद एसडीएम सालिक राम, तहसीलदार विजय प्रताप एवं सीओ हितेंद्र कृष्ण सहित सर्किल के चारों थानों की पुलिस की उपस्थिति में गाजीपुर कोतवाली द्वारा की गई।

प्रशासन की निगरानी में सीज कर दिया गया

सीज की गई बेनामी संपत्ति की कीमत डेढ़ करोड़ बताई जा रही है। कुर्की की कार्रवाई ढोल नगाड़ों के बीच मुनादी कराकर की गई। इस दौरान पेट्रोल पंप के ऑफिस, कमरों एवं पेट्रोल देने वाली चार मशीनों को प्रशासन की निगरानी में सीज कर दिया गया।

इस कार्रवाई से मोहम्मदाबाद क्षेत्र सहित आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बता दें, 90 दिनों बाद बीती रात सांसद अफजाल अंसारी जेल से रिहा होकर अपने घर आए हैं। इस के ठीक दूसरे दिन ही प्रशासन ने उनके पत्नी के नाम से संचालित पेट्रोल पंप पर कुर्की की कार्रवाई की है।