मुहम्मदाबाद: पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक की मौत, दूसरे की हालत गम्भीर

गाजीपुर: भांवरकोल थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस के सर्विस रोड पर अवथहीं मोड़ के पास सोमवार की रात तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद कोतवाली के चंदनी गांव निवासी मुकेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव और आकाश यादव पुत्र सोनू यादव किसी काम से अवथहीं गए थे। सोमवार की देर रात को लौटते समय भांवरकोल थाना क्षेत्र के फखनपुरा के पास स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर पहुंचे थे कि पिकअप ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह टूट गई और पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घायलों को मुहम्मदाबाद सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुकेश यादव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था और इंटर में पढ़ाई करता था। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा है।