किरायेदार के घर में चोरी लाखों का आभूषण सहित नगदी गायब,बेटे के इलाज के रखा था पैसा

गाजीपुर: दिलदारनगर के नगर पंचायत वार्ड नंबर 9 स्थित आट डीह भवन में शुक्रवार की रात चोरों ने किरायेदार के घर में सेंध लगाई और लाखों के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित सत्येंद्र सिंह, जो मूल रूप से देवैथा गांव के निवासी हैं और सेंट जेवियर्स स्कूल में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। सत्येंद्र सिंह परिवार सहित छठ मनाने के लिए 6 नवंबर को गांव गए थे, लेकिन जब 9 नवंबर को लौटे, तो मकान के गेट का ताला टूटा हुआ पाया और घर का सामान बिखरा हुआ था।

आभूषण और नकदी पर हाथ साफ

पीड़ित सत्येंद्र सिंह ने बताया कि चोरों ने घर में रखे अलमारी और बक्से को तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि घर में उनका पुत्र प्रांजल की चिकित्सा के लिए आवश्यक नकदी रखी थी, जिसे भी चोर अपने साथ ले गए हैं। इस घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत स्थानीय थाना में इसकी जानकारी दी।

पुलिस शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी का मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही जांच पूरी कर कार्रवाई की जाएगी।