गाजीपुर के नए जिलाधिकारी होगे अनुपम शुक्ला

गाजीपुर।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के क्रम में जनपद गाजीपुर को नया जिलाधिकारी प्राप्त हुआ है।वर्तमान जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार का स्थानांतरण अलीगढ़ जनपद कर दिया गया है, जबकि 2016 बैच के आईएएस अधिकारी श्री अनुपम शुक्ला को गाजीपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

श्री अनुपम शुक्ला मूल रूप से पटना के निवासी हैं तथा अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए कुशल प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया है। गाजीपुर में नियुक्ति से पूर्व वह जनपद अंबेडकर नगर में जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने विकास कार्यों एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अतिरिक्त, श्री शुक्ला उत्तर प्रदेश गैर-परंपरागत ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) में निदेशक तथा ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग में विशेष सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान दिया।

अपने प्रशासनिक करियर में वह जनपद जौनपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) तथा औरैया में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर भी कार्यरत रहे हैं। इन दायित्वों के निर्वहन के दौरान उन्होंने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की।

गाजीपुर जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील जनपद की जिम्मेदारी मिलने के उपरांत जनसामान्य एवं जनप्रतिनिधियों को उनसे बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता एवं विकास कार्यों में तीव्रता की अपेक्षा है। साथ ही, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर भी लोगों की उम्मीदें उनसे जुड़ी हुई हैं।जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण करने की औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।