भावरकोल, गाजीपुर। ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, अवथही में शनिवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) एवं छठ पूजन की पूर्व संध्या पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंधक भानुप्रताप राय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में केवल बड़ा पद प्राप्त करना ही सफलता नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना, ईमानदार होना, दूसरों का सम्मान करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही वास्तविक सफलता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार राय ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और आधुनिक विज्ञान के दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। बच्चों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल के साथ-साथ आधुनिकता के साथ पारंपरिक मूल्यों और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी अति आवश्यक है।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने छठ पूजन तथा वर्तमान परिदृश्य विषय पर आकर्षक रंगोली बनाकर सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया। वहीं छोटे बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को जागरूक करना था।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर ज्योति शर्मा, अमित पांडा, सागर सुब्बा, अभिषेक, विशाल, शादाब, तरन्नुम, पूनम, एस.के. पांडेय, रितेश सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

