गाजीपुर। बारिश बाद ठंड में जबरदस्त वृद्धि हुई है। लोगों की कंपकंपी छूट रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को भी तापमान इसी के आसपास रहने की संभावना है। इधर, तीन-चार दिनों से मौसम के बदले मिजाज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि सोमवार को बारिश नहीं हुई। फिर भी दिन ठंड रहा। धूप खिलने के बावजूद कनकनी रही। दोपहर बाद से आसमान में बादल छाए रहे।
सुबह-शाम घने कोहरे छाए रहने से सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान में और गिरावट आ सकती है। लोग बढ़े ठंड से बचने को लेकर अलाव का सहारा ले रहे हैं।हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर के मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि मौसम आगे भी ऐसे रहने की संभावना है। बारिश की उम्मीद नहीं है।
