
ग़ाज़ीपुर- बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग जिसके ऊपर गर्भवती माताओं, किशोरियों और कुपोषित बच्चों के साथ ही नवजात बच्चे की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी रहती है। जिसके मद्देनजर भारत सरकार पोषण अभियान चला रही है। इसी पोषण अभियान के तहत विभाग में कार्य कर रही सीडीपीओ, सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नवजात बच्चों की देखभाल कैसे करे, महिलाओं में एनीमिया की कमी ,स्तनपान आदि की जानकारी के लिए 1 से 21 मॉडयूल तक अलग – अलग विषय पर प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है। सोमवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे की अध्यक्षता में 17 मॉडयूल ‘बीमार नवजात शिशु की पहचान एवं रेफरल सेवा’ को लेकर विकास भवन के सभागार में जनपद के सभी ब्लॉकों से आई हुई सीडीपीओ और सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि आज के इस प्रशिक्षण के लिए शासन की तरफ से जिला स्वस्थ भारत प्रेरक जितेंद्र गुप्ता, सीडीपीओ धनेश्वर राम, एजाज अहमद एवं नोडल पोषण अभियान अरुण दुबे को प्रशिक्षण वाराणसी में दिया गया था। जो आज जनपद के अन्य सीडीपीओ और सुपरवाइजर को बीमार नवजात शिशु की पहचान एवं रेफरल सेवा की प्रशिक्षण दिए।
जिला स्वस्थ भारत प्रेरक जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया की नवजात बच्चे में संक्रमण होने की संभावना अधिक रहती है । ऐसी दशा में नवजात शिशु को संक्रमण से बचाने के लिए मुख्य तीन काम माताओं को करना चाहिए । जिसमें स्तनपान,गर्माहट और गर्भनाल की देखभाल मुख्य है जो जीवाणु रहित व स्वच्छ वातावरण में किया जाए। उन्होंने बताया कि स्तनपान और गर्माहट नवजात शिशुओं की संक्रमण से सुरक्षा करेंगे वही गर्भनाल की देखभाल और जीवाणु रहित व स्वच्छ वातावरण संक्रमण से शिशु का बचाव करने में मददगार साबित होंगे। साथ है प्रिमेच्योर और कमजोर बच्चों के लिए कंगारू मदर केयर की मदद से स्तनपान कराना चाहिए जिससे कि बच्चा स्वस्थ रहें।
सीडीपीओ धनेश्वर राम ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश आंगनबाड़ी कार्यकत्रियो के गृह भ्रमण के दौरा परिवार के लोगों को बीमारी के पहचान के बारे में बताना मुख्य काम है। जिससे समय रहते नवजात के बीमारी के बारे में परिजनों को पता चले ।और वह अपने क्षेत्र की आशा और आगनबाडी कार्यकत्रियों के माध्यम से नवजात के उचित इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र पर समय से पहुंच कर बच्चे का ईलाज कराए और शिशु मृत्यु दर में कमी लाए।
