भांवरकोल:लॉकडाउन की समयावधि में कोई भी व्यक्ति भूखा ना सोए इसके लिए सरकार अपनी ओर से पूरी तरह मदद कर रही है। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन ने बस्तियों में रहने वाले गरीब मजदूर परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री बांटी।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गरीब, बेसहारा, बुजुर्गो को चिह्नित कर सभी की वाजिब समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया है। इसी के चलते को थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने क्षेत्र में दैनिक परिवार का भरण पोषण करने वालों की झुग्गी झोपड़ियों में जाकर खाद्य सामग्री वितरित की। इनमें कई ऐसे परिवार थे, जिनके घर में खाने को कुछ था ही नहीं और न ही सामान खरीदने के लिए पैसे थे।
थानाध्यक्ष द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों की मदद से जब चावल, आटा, दाल, आलू, तेल आदि खाद्य सामग्री सोशल डिस्टेंस रखते हुए वितरित की तो जरूरतमंदों की आंखें भर आयी। इस दौरान पुलिस ने संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी को निर्देशित किया कि साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। घर से बाहर नहीं निकलें, एक साथ समूह में खड़े न हों और मास्क का प्रयोग करें। स्थानीय पुलिस की उक्त कार्यवाही का गरीब परिवारों द्वारा आभार व्यक्त किया गया। थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि सभी गरीब बेसहारा परिवारों को धैर्य रखने व किसी भी प्रकार की समस्या होने पर भांवरकोल पुलिस से संपर्क करने को कहा गया है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही कर हर जरूरतमंद की हरसंभव यथाशक्ति मदद की जाएगी।
