किसानों को न्याय न मिलने पर अनशन जारी

दुबिहां (गाजीपुर)। मगई नदी के पानी की जलनिकास में अवरोध के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी संघर्ष समिति के नेतृत्व लट्ठूडीह स्थित पेट्रोल पंप के पास प्रशासन के खिलाफ गुरुवार को जारी धरना शुक्रवार को आमरण अनशन में तब्दील हो गया। युवा भाजपा नेता राजेश राय बागी अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं दिलाया जाएगा, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन कुम्भकर्णी नींद में सोया हुआ है। तभी तो मछली माफियाओं के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। वह मछली माफियाओं से डर रहा है। एक निर्दोष को पकड़ना है तो पुलिस का जमवाड़ा लग जाता है, लेकिन इस कुकृत्य के बदले केवल चेतावनी दी जाती है। किसान नेता विनोद राय ने कहा कि मंगई नदी को मत्स्य माफियाओं से मुक्ति मिले और कोई ऐसी व्यवस्था हो जो स्थायी रहे। मंगई नदी से प्रभावित गांव का सर्वे ठीक से कराकर बाढ़ सहायता राशि दी जाय और किसानों को उनकी फसल का मुआवजा दिया जाय। इस अवसर पर याज्ञवल्क राय, विनोद राय, आशुतोष राय, झब्बन राय, राजेश राय, डब्लू, वीरेंद्र कुमार, प्रदीप राय, पंकज राय, गोविंद राय, बिट्टू राय, रिंकू राय आदि मौजूद रहे।