ग़ाज़ीपुर: वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गाजीपुर जिले के धामूपुर गांव के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाश एक युवक का शव फेंक कर भाग रहे थे। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया। वाहन सवार एक युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया जबकि युवती समेत दो लोग फरार हो गए।
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गाजीपुर जिले के धामूपुर गांव के पास स्कॉर्पियो रुकी और उसमें से एक युवती और दो युवक बाहर आए। तीनों ने स्कॉर्पियो से एक युवक का शव बाहर निकाला और हाईवे किनारे फेंक दिया। खेत में काम कर रहे एक शख्स ने शोर मचाया तो स्कॉर्पियो से भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने बीच सड़क घेर लिया।
स्कॉर्पियो सवार एक युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। एक युवक और युवती फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल भिजवाया। हाईवे किनारे फेंके गए युवक के शव को कब्जे में लिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
शव को ठिकाने लगाने आए थे युवक और युवती
युवक का शव फेंकने वाली युवती और युवकों की भी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। दिन दहाड़े घटी घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे स्कार्पियो सवार लोग वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर धामूपुर गांव के पास सुनसान इलाके में रुके। इसके बाद गाड़ी में सवार एक युवती और दो युवक वाहन से उतरे।
तीनों ने वाहन से एक युवक का शव निकाला और हाइवे किनारे खेत में फेंक दिया। युवक की सिर कूंच कर हत्या की है। वहीं, इसके बाद युवती और दो युवक स्कॉर्पियो पर सवार होकर भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख वाहन सवार तीनों लोग अलग-अलग दिशा में भागने लगे। एक युवक गांव की तरफ भागा, जिसे ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पिटाई की।
बाजरे के खेत में छिपी युवती, तलाश जारी
वहीं, युवती समीप के एक बाजरे के खेत में छिप गई, जिसकी तलाश जारी ही। जबकि तीसरा युवक मौके से फरार हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेसिंक जांच के लिए टीम भी बुलाई गई है। घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
