गोरिल बाबा धाम राजापुर में 29 अगस्त को मेला का आयोजन

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : क्षेत्र के राजापुर गांव के मौजा रायपुर स्थित गोरिल बाबा के धाम पर मंगलवार को दर्शन -पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। मान्यता के अनुसार बाबा का दर्शन पूजन करने पर मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है। कथाओं के अनुसार 18वीं शताब्दी में गोरिल बाबा का मंदिर बनाकर पूजन-अर्चन शुरू किया गया। श्रावण मास के सप्तमी को पड़ने वाले या उसके बाद के मंगलवार को ही इनके धाम पर मेला का आयोजन होता है।

मेला समिति के अध्यक्ष नित्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर पर पहुंचकर अगर साफ मन से मन्नत मांगी जाए तो वह अवश्य पूरी होती है। कथाओं के मुताबिक सैकड़ों वर्ष पूर्व आजमगढ़ जनपद के रैनी अमारी गांव से चलकर श्रीकांत राय नामक मनीषी उक्त पवित्र स्थल पर घूमते हुए पहुंचे। वहां जंगल व झाड़ियां थी। अचानक उनकी
दृष्टि बिना हरवाहे के खेत जोतते हुए बैलों की तरफ गई। यह देख उनका रोंगटा खड़ा हो गया। संयोगवश उसी दौरान हाथी पर सवार त्रिशुलधारी बाबा का दर्शन हुआ। नतमस्तक होकर उन्होंने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर इसी क्षेत्र में बसने की इच्छा जाहिर की। उस समय क्षेत्र में चेरो खरवार जाति के लोगों का काफी आतंक था।

बाबा की असीम कृपा से तीन दिन के अंदर ही उनका सर्वनाश हो गया। उसके बाद श्रीकांत राय सपरिवार राजापुर में आकर बस गए। बाबा की कृपा से उनका उत्तरोत्तर विकास होने लगा। उसी समय से राजापुर गांव के साथ दोनवार वंश एवं उनके रिश्तेदार पूर्ण आस्था एवं विश्वास के साथ गोरिल बाबा के स्थान पर आकर पूजन-अर्चन करते हैं।