अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवा व्यवसायी का मौत

रेवतीपुर  थाना क्षेत्र के पकड़ी त्रिमुहानी के समीप ताडीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर सोमवार की देर रात्रि को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवा व्यवसायी 25 वर्षीय राहुल राय की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। जानकारी के अनुसार रेवतीपुर थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा निवासी रमेश राय की रेवतीपुर में मिठाई की दुकान है। इनके दो बेटे 25 वर्षीय राहुल राय और छोटा रवि राय है। दोनों मिठाई के दुकान में हाथ बंटाने के साथ ही डेयरी और सैलून का भी बिजनेस किए थे। पिता ने बताया कि राहुल सोमवार की देर रात सैलून बंद कराकर रोज की तरह घर आ रहा था। पकड़ी चट्टी के समीप ताडीघाट-बारा नेशनव हाइवे पर एक अज्ञात वाहन के धक्के से मौके पर ही मौत हो गई। पिता ने बताया कि हादसे में मृतक उनका बडा पुत्र काफी मेहनती था। बताया कि वह सभी परिजनों समेत छठ की तैयारी में लगे थे कि हादसा हो गया। पुत्र के मौत के बाद मां रूपा राय सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जबकि हादसे के बाद से ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर घटना के बाद शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने ग्रामीण उनके आवास पहुंच रहे है और ढांढस बधाने में लगे है। प्रभारी निरीक्षक पवन उपाध्याय ने बताया कि हादसे में मृत युवक के शव को कब्जे लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।