गाजीपुर। जीआरपी ने मंगलवार को सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से ट्रेनों में चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। तलाशी में इनके पास से 2.80 लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद किया। जीआरपी ने आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उनको 14 दिनों के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जीआरपी की टीम सिटी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची। पश्चिमी छोर पर बने टीन शेड के पिलर के पास दो लोग संदिग्ध नजर आए। जीआरपी टीम ने तलाशी ली तो उनके पास से हार, मांगटीका, नथिया, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बाली, झुमका, पीली धातु की कमर करधनी, चांदी की चार जोड़ी बिछिया, पीली धातु की अंगूठी, एक मोबाइल व 2200 रुपये नकद मिला।
विज्ञापन
बरामद सामान की कीमत 2.80 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों की पहचान नेहाल कुमार निवासी ग्राम देशीन बिगहा थाना चाकंद जिला गया बिहार व रामबाबू कुमार निवासी सलेमपुर थाना काको जहानाबाद बिहार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हमारी पांच लोगों की टीम है। हम लोग ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल व आभूषण चोरी करके उसको बेच देते थे। तीन अन्य साथी विनय पासवान, अभय आर्या व अमित कुमार डाला छठ के पर्व के कारण घर चले गए हैं। जीआरपी थाना के थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि दो आरोपियों को चोरी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
