भुड़कुड़ा कोतवाली के हुसनपुर गांव में शुक्रवार को स्नान करते वक्त पोखरे में डूबने से युवक की मौत हो गई। युवक की भाभी डाला छठ का व्रत रखी थीं। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में डाला छठ पर्व की खुशी मातम में बदल गई।
संतोष वनवासी (25) डाला छठ के पर्व को लेकर परिवार की महिलाओं संग हुसनपुर पोखरे पर आया था। पोखरे के किनारे डाला छठ का पर्व करने के लिए भाभी सीमा पहुंची थीं। उनके साथ संतोष की पत्नी रोशनी व बहन भी पोखरे के तट पर गई थी। इनके साथ पोखरे पर संतोष वनवासी भी पहुंचा था।
एक ओर घर की महिलाएं भगवान भाष्कर की अराधना में जुटी थीं, तो दूसरी तरफ संतोष अर्घ्य देने के लिए पोखरे में स्नान करने पहुंचा। हालांकि परिवार की महिलाओं ने मना किया कि अभी अर्घ्य देने का वक्त नहीं हुआ है, लेकिन वह नहीं माना और पोखरे में स्नान करने चला गया। स्नान करते वक्त वह गहरे पानी में समा गया। उसको पोखरे में डूबता देख मौके पर मौजूद लोग उसको बाहर निकाले।
संतोष को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया लाया गया। डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही पर्व की खुशियां गम में बदल गईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसका एक पुत्र है। भुड़कुड़ा कोतवाल तारावती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
