सेक्शन ड्रेजर मशीन को गंगा में उतारा :ड्रेजिंग के तहत बालू की खुदाई शुरू

गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) गंगा नदी में जलयान और क्रूज संचालन को लेकर अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है। इस क्रम में बीती रात मुहम्मदाबाद के गौसपुर गांव के पश्चिम सिरे पर गंगा नदी में सेक्शन ड्रेजर मशीन उतारी गई। इसका मुख्य उद्देश्य गंगा के जलस्तर को जहाजों के आवागमन के लिए उपयुक्त बनाना है।

जलमार्ग परियोजना को लेकर केंद्र सरकार की पहल केंद्र सरकार की अति महत्वपूर्ण गंगा जलमार्ग परियोजना के तहत गंगा नदी में जलयान और क्रूज के संचालन की योजना बनाई जा रही है। वाराणसी से हल्दिया तक जलमार्ग संख्या एक पर मालवाहक जहाजों और पर्यटकों को ले जाने वाले क्रूज का संचालन किया जाएगा। हालांकि, बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर सामान्य रहने पर कोई समस्या नहीं होती है, लेकिन जनवरी से जून के बीच गंगा में पानी का स्तर घट जाता है, जिससे जलयान के संचालन में रुकावट आती है।

कम पानी की समस्या का समाधान गंगा में कई स्थानों पर जलस्तर तीन मीटर से भी कम हो जाता है, जिससे जलयान का संचालन प्रभावित होता है। इस समस्या को देखते हुए गंगा नदी के गौसपुर गांव के पास बालू की खुदाई के लिए सेक्शन ड्रेजर मशीन को उतारा गया है। विभागीय कर्मियों के अनुसार, इस ड्रेजर मशीन से गंगा की तलहटी में जमे बालू और अन्य गाद को हटाया जाएगा, ताकि जल मार्ग को सुचारू रूप से चलाया जा सके।

तीन मीटर गहराई तक खुदाई का काम मशीन के माध्यम से गंगा में जलयान के आवागमन के लिए तीन मीटर गहराई तक खुदाई की जाएगी, जिससे जल मार्ग का चैनल तैयार होगा। इस काम को शुरू करने के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों से रास्ता तैयार किया गया था, और देर रात सेक्शन ड्रेजर मशीन को गंगा में उतारा गया।

जलमार्ग विकास के लिए आगे की योजना भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि अभी पटना से गाजीपुर के बीच नदी के ड्रेजिंग के लिए टेंडर कराया गया है। सर्वेक्षण के आधार पर ड्रेजिंग का काम किया जाएगा, हालांकि इसकी तिथि अभी स्पष्ट नहीं की गई है। विभाग का कहना है कि इस ड्रेजिंग के माध्यम से गंगा में जलयान के संचालन को सुविधाजनक बनाने के प्रयास तेज़ी से किए जा रहे हैं।