गाजीपुर । स्थानीय गांव के गंगा नदी पर पीपा का पुल बनाने का कार्य शुरू हो गया है। लगभग दो सप्ताह के अंदर आमजनमानस के लिए पुल पर आवागमन चालू कर दिया जायेगा। बारा-फिरोजपुर को जोड़ने वाला पीपा का पुल बाढ़ के कारण खोल दिया गया था। पानी कम होने के बाद पुनः इसे लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है। लगभग 100 पीपा से बनने वाला यह पुल मोहम्मदाबाद क्षेत्र के फिरोजपुर गांव को जोड़ता है। जिससे इस क्षेत्र के लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आने जाने में सहूलियत होती है। इसके साथ ही यूसुफपुर बाजार जाने वाले व्यवसाई भी इस पुल के सहारे होकर जाते हैं। जेई रवि यादव ने बताया कि 80 पीपा अभी मौजूद है। 30 पीपा और मंगाया गया है। बड़ी संख्या में मजदूर लगा करके कार्य कराया जा रहा है। अगले दो सप्ताह के अंदर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
