झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार की रात आग ने कहर बरपा दिया। यहां, एनआईसीयू वार्ड में अचानक आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे यूपी को झकझोर दिया है। मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू वार्ड में रात लगभग 10.30 बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके महज 10 मिनट बाद ही वार्ड में आग लग गई और थोड़ी ही देर में आग ने पूरे वार्ड को अपने आगोश में ले लिया।

एनआईसीयू वार्ड में आग लगने की सूचना से प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। इधर, वार्ड में आग की खबर से वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। आग को देख परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने लोगों को अंदर जाने से मना कर दिया।
मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयूवार्ड के 2 कक्ष में नवजात शिशु भर्ती थे। आग लगते ही वहां धुआं भरने लगा। अधिकतर की मौत दम घुटने से होना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस व सेना के जवानों ने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपट तेज होने से वह अंदर नहीं जा सके। सेना के जवानों ने वार्ड की खिड़की व दरवाजों को तोड़ा और अन्दर गये। इसके बाद सेना के जवानों ने कुछ बच्चों को बाहर निकाला।
