चाकू से वारकर छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या, भाभी की हालत गंभीर

गाजीपुर । सादात थानाक्षेत्र के भीमापार स्थित हुसैनपुर में पुराने जमीनी विवाद में सगे भाई ने पम्पिंग सेट के चालू करने का बहाना ढूंढा और एक अधेड़ व उसकी पत्नी को चाकुओं से छलनी कर दिया। जिसमें पति की तो मौत हो गयी, वहीं उसकी पत्नी को पेट से बाहर निकल चुके आंत के साथ बुरी तरह घायल अवस्था में सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कम्प मच गया है। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है।गांव निवासी 52 वर्षीय राजबली यादव का जमीन को लेकर अपने सगे छोटे भाई कैलाश यादव से काफी समय से विवाद चला आ रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक दूसरे को दुश्मन समझते थे। जमीन के विवाद को लेकर पूर्व में एक बार सुलह भी चो चुका है। मंगलवार की सुबह 8 बजे राजबली खेत में पानी डालने के लिए पम्पिंग सेट चालू करने जा रहे थे। तभी अचानक कैलाश आया और राजबली से उलझने लगा।

मना करने पर मारपीट पर आमादा हो गया। जिसके बाद बीच बचाव करने के लिए राजबली की पत्नी 42 वर्षीय चंद्रकला देवी पहुंची। उसी समय कैलाश ने धारदार चाकू निकाला और राजबली के पेट, फेफड़े व पीठ पर खचाखच वार कर दिया। पति को बचाने आईं चंद्रकला के पेट में भी ताबड़तोड़ वार किया। व्व इतनी नृशंसता से हमला कर रहा था, जिससे चंद्रकला के पेट की आंतें पेट से बाहर आ गईं। जिसके बाद गांव में हड़कम्प मच गया। घटना के बाद दोनों घायलों को किसी तरह से सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां राजबली को मृत घोषित कर दिया, वहीं मृतप्राय हो चुकी चंद्रकला को किसी चमत्कार की उम्मीद में उपचार के लिए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। इधर राजबली की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद परिजनों में हाहाकार मचा हुआ था। 3 भाइयों में बीच का मृतक एलआईसी के एजेंट का काम करके परिवार का भरण पोषण करता था। वो अपने पीछे दो पुत्र 17 साल के पीयूष व 15 साल के आयुष को छोड़ गए हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।