डालिम्स सनबीम स्कूल गांधीनगर ने सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर-5 की विजेता बन नेशनल प्रतियोगिता को किया क्वालीफाई

गाजीपुर। प्रयागराज शहर के नैनी में 1 से 5 अगस्त के बीच आयोजित हो रहे सीबीएसई जोन -पांच फुटबॉल अंडर-17 प्रतियोगिता में शानदार खेल प्रदर्शन-निदर्शन के दम पर गाजीपुर की मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र में स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल ,गांधीनगर (लट्ठूडीह) की फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों ने फाइनल में प्रयागराज स्थित खेल गांव पब्लिक स्कूल को करारी हार देकर सीबीएसई कलस्टर-5 अंडर-17 ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमा लिया। प्रयागराज शहर के नैनी में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के क्रीड़ा-स्थल पर डालिम्स सनबीम स्कूल, गांधीनगर, गाजीपुर की टीम का पहला मैच बाइ रहा. तत्पश्चात दूसरा लीग मैच के रूप में आर्मी पब्लिक स्कूल, नई छावनी, प्रयागराज की टीम से भिड़ंत हुई, जिसमें डालिम्स सनबीम स्कूल गांधीनगर की टीम ने प्रतिद्वंद्वी टीम को 3-1 से ज़ोरदार तरीके से हराया. द्वितीय स्थान खेल गांव पब्लिक स्कूल, प्रयागराज, तृतीय स्थान सर्वोदय पब्लिक स्कूल , आजमगढ़ एवं डिवाइन ग्लोबल स्कूल, जमानिया, गाजीपुर ने प्राप्त किया। फाइनल मैच में डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर को प्रतिवादी फुटबॉल टीम के रूप में खेल गांव पब्लिक स्कूल प्रयागराज की टीम मिली, जिसे अपनी परिपक्व खेल प्रदर्शन, सटीक समझ, प्रतिबद्ध क्षमता, शारीरिक और मानसिक एकरुपता, रणनीति व कौशल, खेल भावना, दृढ़ता और निरंतर अभ्यास वाले आत्मबल से पराजित कर दिया। मालूम हो कि सीबीएसई कलस्टर-5 फुटबॉल प्रतियोगिता प्रयागराज शहर में आयोजित है, जिसमें उत्तर प्रदेश के चंदौली, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, ग़ाज़ीपुर, वाराणसी, भदोही, मऊ, आज़मगढ़, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, कौशाम्बी और प्रयागराज ज़िले में स्थित सीबीएसई बोर्ड से सम्बद्ध स्कूलों की कुल 40 फुटबॉल टीमों ने प्रतिभाग किया। डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर के खेल प्रशिक्षक राम नारायण राय के प्रशिक्षकीय निर्वहन में श्रमलब्ध फुटबॉल दल में कप्तान के रूप में अनीश गुप्ता, शौर्य पांडेय, उज्ज्वल गुप्ता, प्रशांत राय, आयुष गुप्ता, मोहम्मद अब्बास, समीर हुसैन, नीतीश कुमार, अभिजीत केसरी, वंश राज ओझा, आदर्श गुप्ता, किशन कुमार गुप्ता, सूर्यांश पांडेय, सार्थक यादव और हिमांशु कुशवाह ने अपनी-अपनी खेल क्षमता और दक्षता का गवाक्ष प्रदर्शन किया। प्रयागराज शहर के नैनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के खेल संकुल में सीबीएसई बोर्ड के प्रयागराज हेड अनिल कुमार जैन, दिल्ली पब्लिक स्कूल प्रयागराज के निदेशक सोनू सिंह और दिल्ली पब्लिक स्कूल प्रयागराज की प्रधानाचार्या डॉ. सुजाता सिंह के कर-कमलों से जीत की ट्रॉफी स्वीकार कर डालिम्स सनबीम स्कूल गांधीनगर ग़ाज़ीपुर की जीत का जश्न मनाया। ग़ौरतलब है कि डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की टीम ने प्रयागराज शहर में आयोजित सीबीएसई कलस्टर-5 अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में जीत कर राष्ट्रीय लेवल में प्रतिभाग करने की अर्हता हासिल कर ली है जो खेल सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह में भोपाल शहर के पीपुल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जाएंगे। डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की फुटबॉल टीम के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और विजय पर्व के समाचार के पश्चात डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर के निदेशक हर्ष राय और प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा राय ने अपने सयुंक्त वक्तव्य में कहा कि फुटबॉल, जिसे ‘सॉकर’ भी कहा जाता है, दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है और इसका महत्व शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए बहुत अधिक है. यह न केवल एक मनोरंजक खेल है, बल्कि यह फिटनेस, टीम वर्क और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक शानदार तरीका भी है, जिसे हमारे स्कूल डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर के खेल दल ने उत्कर्ष और उपमेय के साथ राष्ट्रीय अर्हता को प्राप्त कर सार्थक किया है. निदेशक व प्रधानाचार्या द्वय ने विस्तृत कहा कि फुटबॉल एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार का भी खेल है, जो एकाग्रता, त्वरित निर्णय लेने और आत्म-अनुशासन को बढ़ावा देता है. डालिम्स सनबीम स्कूल गांधी नगर की सीबीएसई कलस्टर-5 अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में सफलता और टीम वर्क का अनुभव हमारे विद्यालय की रचनात्मक संस्कृति के आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान को उर्जा देगा. वस्तुतः हम सब का आशीष टीम के प्रशिक्षक, प्रबंधक और टीम के समस्त खिलाड़ियों को अशेष है. विद्यालय परिवार इस हर्षातिरेक से गर्वित और आनंदित है।