गाजीपुर (भांवरकोल): क्षेत्र के शेरपुर कलां स्थित व्यायामशाला परिसर में स्थानीय विधायक सुहैल अंसारी उर्फ मन्नू द्वारा जनहित में लगवाई गई हाईमास्ट लाइट के केबल को चोरों ने गायब कर दिया। यह घटना बुधवार की रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने हाईमास्ट लाइट के बिजली के तार काट दिए और जमीन में दबे पाइप को खोदकर बाहर निकाल लिया। इस तोड़फोड़ के कारण व्यायामशाला परिसर अंधेरे में डूब गया है। हाईमास्ट लाइट खराब होने से सबसे अधिक नुकसान नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और युवाओं को हो रहा है।
स्थानीय समाजसेवी सोनू सिंह यादव ने बताया कि विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू के प्रयास से व्यायामशाला में हाईमास्ट लाइट लगवाई गई थी, जिससे देर शाम तक सैकड़ों खिलाड़ी अभ्यास कर पाते थे। यहां एक अत्याधुनिक जिम और खेल मैदान भी है, जहां बच्चे और युवा नियमित रूप से प्रशिक्षण लेते हैं। लाइट खराब होने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हैरानी की बात यह है कि व्यायामशाला से पुलिस चौकी की दूरी मात्र लगभग सौ मीटर है, इसके बावजूद इस तरह की घटना का होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय ग्रामीण जंगली चौधरी, सोनू चौधरी और शशिकांत राय ने बताया कि कुछ दिन पहले रोडवेज बस की बैटरी चोरी की घटना भी हुई थी और अब हाईमास्ट लाइट को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही क्षतिग्रस्त हाईमास्ट लाइट को तुरंत दुरुस्त कराया जाए।
