मगई नदी पर नए पुल निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन

 

 

 

गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके में राजापुर से मूर्तजीपुर के बीच 4.64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लघु सेतु का शिलान्यास बुधवार को किया गया। विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर फीता काटा। यह सेतु क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि यह लघु सेतु इलाके के किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगा। उन्होंने प्रधान अश्वनी राय के प्रयासों की सराहना की, जिनके सहयोग से इस परियोजना को स्वीकृति मिली। चंचल ने यह भी बताया कि क्षेत्र में जल्द ही एक विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए भी धन स्वीकृत किया जाएगा।

 

मूर्तजीपुर से राजापुर के बीच मंगई नदी पर इस सेतु के बन जाने से राजापुर का करइल क्षेत्र से सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा। इससे मंगई नदी के किनारे स्थित विशाल उपजाऊ खेतों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। पहले राजापुर के लोगों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए 16 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती थी, जो अब घटकर मात्र एक किलोमीटर रह जाएगी। इस परियोजना से मूर्तजीपुर, हेमराजपुर, लौवाडीह, पारो और जोगामुसाहिब सहित कई गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना, उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी, हरिनारायण राय, विनोद राय, तिलकधारी राय, सत्यप्रकाश राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र त्रिपाठी ने की और संचालन राजेश राय पिंटू ने किया।