चंदनी पब्लिक स्कूल सुरतापुर की वॉलीबॉल टीम सीबीएसई नेशनल में चयनित, चैंपियन टीम का भव्य स्वागत

मुहम्मदाबाद : क्षेत्र के चंदनी पब्लिक स्कूल सुरतापुर ने एक बार फिर अपनी समृद्ध खेल परंपरा को नई ऊंचाई दी है। स्कूल की अंडर-14 ब्वायज वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए CBSE क्लस्टर वॉलीबॉल टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ टीम ने CBSE नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चंदौली के चकिया स्थित राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल चकिया में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न जनपदों के कई प्रमुख CBSE स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट में चंदनी पब्लिक स्कूल की टीम ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तालमेल और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल में एकतरफा जीत

टूर्नामेंट के ग्रैंड फाइनल में चंदनी पब्लिक स्कूल की टीम ने अपने प्रतिद्वंद्वी को सीधे सेटों में हराकर मुकाबला अपने नाम किया। शानदार जीत दर्ज की। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया, जिससे विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं मिला। इस जीत के साथ स्कूल ने न केवल गोल्ड मेडल हासिल किया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह भी सुनिश्चित कर ली।

 

स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्कूल की मैनेजिंग कमिटी ने खिलाड़ियों, कोच और पूरे खेल विभाग को बधाई दी। स्कूल के प्रबंधक दयाशंकर राय ने टीम की सफलता को पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल ने वर्षों से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की परंपरा कायम रखी है और यह जीत उसी निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी टीम को शुभकामनाएं दीं।

 

सर्वांगीण विकास का परिणाम

स्कूल के निदेशक नवीन राय ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि खेल, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लगातार प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का सकारात्मक वातावरण, आधुनिक सोच और निरंतर प्रोत्साहन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी दिखाई देता है।

 

प्रधानाचार्य प्रवीण पीयूष राय ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण पियूष राय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खेल प्रतियोगिता में जीत नहीं है, बल्कि स्कूल की उस शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण है जिसमें अनुशासन, टीमवर्क, दृढ़ता और उत्कृष्टता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि टीम की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और स्कूल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेगी। अध्यक्ष विजयशंकर राय, उप – प्रधानाचार्य विनय राय ने भी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और कोचिंग स्टाफ के समर्पण ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।

 

अब नेशनल चैंपियनशिप पर नजर
CBSE क्लस्टर प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब चंदनी पब्लिक स्कूल की अंडर-14 ब्वायज टीम की नजर CBSE नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप पर है। स्कूल परिवार को उम्मीद है कि टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इसी शानदार प्रदर्शन को दोहराते हुए गाजीपुर यूपी और अपने विद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन करेगी। यह सफलता न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि यह भी साबित करती है कि यदि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।