भांवरकोल: शेरपुर खुर्द में चोरों का आतंक, दो घरों से लाखों की चोरी

गाजीपुर :भावरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में चोरों ने एक ही सुबह दो घरों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घरों से लाखों रुपये के सामान की चोरी होने की आशंका है। घटना 16 नवंबर की सुबह 5 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है।

गांव निवासी सुरेंद्र मल्लाह पुत्र मकरध्वज ने भांवरकोल थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके घर से सोने-चांदी के कुछ आभूषण और नकदी चोरी हो गई। इसी दौरान उनके पड़ोसी राधामोहन चौधरी पुत्र स्वर्गीय वंशनारायण के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। वहां से भी सोने-चांदी के आभूषण और करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।

घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सुरेंद्र मल्लाह की तहरीर पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एक ही गांव में दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।