मुहम्मदाबाद: शहीद डॉ0 शिवपूजन राय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगा गन्दगी का अम्बार

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कचरा निस्तारण की सही व्यवस्था न होने से आवास में रहने वाले कर्मियों को नारकीय स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। साथ ही उधर से आने वाले रोगियों और उनके परिजनों को भी काफी परेशानी हो रही है। स्वास्थ्य केंद्र में कूड़ा निस्तारण के बजाए पिछवाड़े ले जाकर फेंक दिया जा रहा है। परिसर में पिछवाड़े स्वास्थ्य कर्मियों का आवास है जिसमें वह परिवार सहित रहते हैं। हालत यह है कि वहां गंदगी का अंबार होने व उसमें से उठने वाली दुर्गंध से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि चिकित्सालय के भवनों से निकलने वाले कूड़ा निस्तारण को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, बावजूद इसको लेकर किसी तरह का उपाय नहीं किया जा रहा है।