मकर संक्रांति पर खाए जाने वाले तिल,गुड़,दही व अन्य सामानों में भरे हैं पोषक तत्व

ग़ाज़ीपुर-भारतीय परंपरा के अनुसार प्रतिवर्ष 14/15 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है । और इस पर्व पर तिल गुड़ आदि से बने हुए स्वादिष्ट पकवान खाए जाते हैं। अगर हम इस पकवानों की बात करें तो ठंड के इस मौसम में इन पकवानों के खाने का भी एक अलग मजा होने के साथ ही यह सभी पकवान पोषक तत्वों से भरपूर होते है। खास तौर से तिल-गुड़ के पकवान बनाने और खाने के साथ ही दान किया जाता है। कहीं तिल-गुड़ के स्वादिष्ट लड्डू बनाए जाते हैं तो कहीं तिल-गुड़ की गजक भी लोगों को खूब भाती है। यह पर्व इसलिए मनाय जाता है क्‍योंकि सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है। यह हिंदु धर्म के बड़े पर्व में से एक है। इस दिन स्‍नान और दान करने की परंपरा है। पूरे देश भर में गंगा और अन्‍य नदियों में लोग स्‍नान करते हैं और तिल का दान करते हैं।

मकर संक्रांति पर तिल-गुड़ का सेवन करने के पीछे वैज्ञानिक आधार भी है। सर्दी के मौसम में जब शरीर को गर्मी की आवश्यकता होती है, तब तिल-गुड़ के व्यंजन यह काम बखूबी करते हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि तिल में तेल की प्रचुरता रहती है और इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, बी काम्‍प्‍लेक्‍स और कार्बोहाइट्रेड आदि तत्‍व पाये जाते हैं। तिल में सेसमीन एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो कई बीमारियों के इलाज में मदद करते हैं। इसे जब गुड़ में मिलाकर खाते हैं तो इसके हेल्थ बेनिफिट्स और बढ़ जाते हैं। गुड़ की तासीर भी गर्म होती है। तिल व गुड़ को मिलाकर जो व्यंजन बनाए जाते हैं, वह सर्दी के मौसम में हमारे शरीर में आवश्यक गर्मी पहुंचाते हैं। यही कारण है कि मकर संक्रांति के अवसर पर तिल व गुड़ के व्यंजन प्रमुखता से खाए जाते हैं।

जिला स्वस्थ भारत प्रेरक जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार भी मौजूदा समय में पोषण माह मना कर कुपोषण दूर करने का कार्य कर रही है। ऐसे में यदि हम गुड़ का प्रयोग करते हैं जो आयरन का एक अच्छा और सुलभ श्रोत है और खासकर एनीमिया से ग्रसित किशोरियों और महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद है। गुड में कई महत्वपूर्ण विटामिन और खनिजों से भरा होता है ।और यह त्वचा और शरीर के हर हिस्से को पोषण प्रदान करने में मदद करता है । साथ ही उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति पर दही चूड़ा खाने की बहुत ही पुरानी परंपरा है । यदि हम दही की बात करें तो दही में प्रोटीन, लैक्टोज आयरन, कैल्शियम और फास्फोरस पाया जाता है । जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होता है।