गाजीपुर: शहर कोतवाली के सकरा गांव में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में धारदार हथियार के प्रहार से मुकेश बिद (25) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छानबीन में जुटी पुलिस टीम ने जहां ग्रामीणों से पूछताछ के बाद आत्महत्या बताया है, वहीं परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इधर घटना से गांव में अफरा-तफरी मची हुई है, वहीं परिजनों के रोने से मातमी सन्नाटा पसर हुआ है।
पुलिस के मुताबिक गांव निवासी मुकेश बिद सुबह अपने खेत में फसलों की सिचाई करने गया था। घर लौटते समय उसका विवाद गांव की एक विवाहिता से हो गया। इसके बाद उसने महिला के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर घायल करने के साथ अपने गर्दन पर प्रहार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आए, जहां हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर दिया। परिवार के सदस्य उसे उपचार के लिए लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि रोते-बिलखते कोतवाली पहुंचे परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर धारदार हथियार से हमलाकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया। मृतक के पिता कुबेर बिद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही छह लोगों ने जान से मारने के नीयत से युवक के गले पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, वाराणसी उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
