नई दिल्ली:देश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है. अब तक 1,550 से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं, वहीं 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के आज 23 नए केस सामने आए हैं, जिसके बाद यहां पर मरीजों की संख्या 120 हो गई. कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित है. यहां अब तक 200 से ज्यादा केस आए हैं, जिसमें 10 लोगों की मौत हो चुकी है. महाराष्ट्र के अलावा केरल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत 20 से अधिक राज्यों में कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है।
बिहार में कोरोना के 4 और केस
बिहार में कोरोना वायरस के 4 और केस सामने आए हैं. चारों ही मामले सीवान के हैं. राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 21 हो गई है.
यूपी में मरीजों की संख्या हुई 103
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 7 और नए केस सामने आए हैं. नोएडा और गाजियाबाद में एक-एक और बरेली से 5 मामले सामने आए हैं. यूपी में मरीजों की संख्या 103 हो गई है.
महाराष्ट में 72 नए केस
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं. यहां पर 72 और केस सामने आए हैं, जिसके बाद यहां पर कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 302 हो गई है.
केरल में 7 और नए केस
केरल में कोरोना वायरस के 7 नए केस सामने आए हैं. राज्य में अब कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 215 हो गई है.
झारखंड में कोरोना का पहला मामला
रांची में एक मलेशियाई महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित मिलने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को प्रशासन को एहतियात बरतने तथा लोगों से प्रशासन का सहयोग करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में वरीय अधिकारियों को लॉकडाउन के संदर्भ में निर्देश देते हुए कहा कि झारखण्ड के लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। लोग घर में रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे। लॉक डाउन का पालन सुनिश्चित होना चाहिए।
