कर्मयोगी अखबार वितरक को किया गया सम्मानित

भांवरकोल:कोरोना संक्रमण को लेकर जहां पूरे देश व विश्व में हाहाकार मचा है। वहीं कर्मयोगी अखबार वितरक अपने काम को जिम्मेदारी से निभा रहे हैं। उनके कर्तव्य परायणता व कार्य के प्रति लगन को देखते हुए भांवरकोल ब्लाक क्षेत्र के शेरपुर खुर्द में डॉ0 ओमप्रकाश राय ने उनकी समाज सेवा की सराहना करते हुए अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। डॉ0 ओमप्रकाश राय ने कहा कि योद्धा के तौर पर समाचार पत्र में काम कर रहे हैं। अखबार के वितरक व पत्रकार लोगों को जागरूक करके जनहित का काम कर रहे हैं। इस नाजुक दौर में समाचार पत्र वितरकों और उनके प्रतिनिधियों के द्वारा लोगों को जागरूक करके सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कर्मवीर अखबार वितरकों को अंगवस्त्रम प्रदान किया। इस मौके पर हेमनाथ राय, मिथलेश राय, राजेश राय बागी,डॉ0 आलोक राय,गोलू राय आदि लोग मौजूद रहे।