बक्सर/ बिहार में जहां पिछले तीन दिनों से कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है वहीं, सोमवार को एक अच्छी खबर भी आई। बक्सर और सीवान जिला कोरोना से मुक्त हो गया है। यहां मिले अब तक सभी मरीज ठीक होकर घर लौट गए। सोमवार को बक्सर और सीवान के एक-एक मरीज को एनएमसीएच से छुट्टी मिल गई। तीन दिन पहले गया जिला भी कोरोना से मुक्त हो गया था लेकिन रविवार को यहां दो नए मरीज मिल गए।
सीवान: बिहार का पहला हॉट स्पॉट
बिहार में सीवान पहला जिला है जहां अप्रैल के पहले हफ्ते में तेजी से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी थी। 27 मार्च को जिले में पहला केस सामने आया था। इसके बाद अगले 13 दिनों में यहां कोरोना के 29 केस मिले। ओमान से लौटे एक युवक ने अपने परिवार के 21 सदस्यों और पड़ोस के दो लोगों में कोरोना फैला दिया। रेड जोन में शामिल होने वाला सीवान पहला जिला है। 15 अप्रैल के बाद यहां तेजी से मरीज ठीक होने लगे। जिले में अब तक 33 केस सामने और सभी लोग ठीक होकर घर लौट गए।
बक्सर: 16 अप्रैल को मिला पहला केस, अब तक आए सभी 56 मरीज स्वस्थ
बक्सर में 16 अप्रैल को कोरोना का पहला केस सामने आया था। 16 को कोरोना के दो मरीजों की पुष्टि हुई। दोनों मरीज पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लौटे थे। इसके बाद यहां तेजी से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। सभी लोग बाहर से आए दोनों लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए थे। ज्यादातर मरीज जिले के नया भोजपुर इलाके के थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरी लिस्ट तैयार कर मरीज के संपर्क में आए लोगों की तलाश कर उन्हें क्वारैंटाइन कर दिया जिससे चेन टूट गई। अब तक जिले में 56 केस मिले और सभी लोग ठीक हो गए।
