
मुहम्मदाबाद/गाजीपुर : क्षेत्र के महादेवा मोड़ से गंगा के रास्ते हो रही पशु तस्करी का खुलासा हिंदू संगठनों की ओर से किया गया। सोमवार की रात में क्षेत्र के एन एच 31 स्थित महादेवा मोड़ के पास बंगाल वध के लिए ले जायी जा रही पिकप पर लदी चार गाय को पकड़कर हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
गंगा के रास्ते इंजन चालित नाव से पशुओं को वध हेतु बिहार होते बंगाल ले जाने की जानकारी होने पर भाजपा,विहिप,बजरंगदल से जुड़े कार्यकर्ता सोमवार की रात में महादेवा मोड़ से गंगा तट जाने वाले रास्ते पर जाकर जमा हो गये। इस दौरान एक वाहन को आता देख जब तलाशी लिए तो उसमें चार गाय लदी हुई थी। वाहन में सवार लोगों से कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उन्होंने अपना नाम चालक थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के पंजाबी यादव उर्फ विजेंद्र व स्वामीनाथ तथा मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के पिरुना गांव रमाशंकर पासी बताया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बुलाकर पशुओं से लदी वाहन के अलावा पकड़े गये लोगों को सुपुर्द कर दिया गया। पकड़े गये अभियुक्तों ने बताया कि वह पशुओं को बिहार होते पश्चिम बंगाल के पंडुआ वध के लिए ले जा रहे थे।
उपनिरीक्षक संदीप दूबे ने बताया कि पकड़े गये पशु तस्करों को गोवध व पशुक्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया। मंगलवार को सुबह कार्यकर्ताओं ने सीओ विनय गौतम से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए पत्रक सौंपकर इस अवैध कृत्य पर रोक लगाने की मांग की। वहीं तस्करों के पास से मिली एक मोबाइल भी सौंपा। बताया कि इस मोबाइल में कई पुलिसकर्मियों के नाम है जो तस्करों के सहयोग में शामिल हैं। पत्रक सौंपने वालों में ओपी गिरि, श्रीनारायण राय, गौरव पांडेय, शशिप्रकाश पांडेय सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहें।
