पंकज राय के पाली हाउस में एक दिवसीय जनपद स्तरीय कृषक प्रशिक्षण व कृषि गोष्ठी सम्पन्न

करीमुद्दीनपुर/गाजीपुर : सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन(आत्मा) योजना के अंतर्गत करीमुद्दीनपुर स्थित पंकज राय के पाली हाउस एक दिवसीय जनपद स्तरीय कृषक प्रशिक्षण और कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

पीजी कालेज के कृषि वैज्ञानिक डॉ एस के सिंह ने कहा कि कृषि में समय और तकनीकी का बहुत महत्व है।सही समय पर अगर फसल नहीं बोया जाएगा तो उसका उत्पादन कम होगा। सरसो की बुआई अक्टूबर तक कर दे तो उसका उत्पादन अधिक होगा। वहीं गेंहू की फसल की बुआई 25 नवंबर तक कर दे उसके बाद बुआई करने पर प्रति दिन 50 किलोग्राम उत्पादन कम होगा।आलू 40 से 45 दिन का हो जाय तो मेंकोजेब का दो ग्राम प्रति लीटर के हिसाब से छिड़काव करें।पाला से बचाने के लिए आलू की सिंचाई करे।चने की फसल में 40 से 45 दिन की अवस्था मे पांच मिली प्रति लीटर पानी में नीम के तेल का प्रयोग करे।इसके अतिरिक्त खेत में 25 डंडे की आकार के खेतों में गाड़ दे जिससे उसपर चिड़िया बैठेगी और कीड़ो को खा लेंगी।इसके अतिरिक्त चना की खेती धनिया की खेती के साथ करे।इससे उत्पादन अधिक होगी ।

युवा किसान पंकज राय ने कहा कि कृषि का व्यवसायीकरण करना आवश्यक है। जब तक किसान लीक से हटकर खेती नहीं करेगा तब तक उसे विशेष लाभ नहीं होगा।उपभोक्ता शुद्ध चीजे खाना चाहता हैं। इसके लिए अधिक खर्च करने के लिए तैयार भी है लेकिन उसे शुद्ध रूप से न तो अनाज मिल पाता है और न ही सब्जी।ऑर्गेनिक खेती से लाभ भी अधिक होगा और आम लोगो शुद्धता परोसने का पुण्य काम भी होगा।इस अवसर पर एडीएजी संतोष कुमार व जितेंद्र कुमार, आशुतोष पांडेय, शिवशंकर वर्मा, पंकज राय,सुनील कुमार,ओमप्रकाश पाल,संदेश कुमार आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता चंद्रशेखर राय व संचालन राजेश राय ने ज्ञापित किया।