गाजीपुर। अगस्त क्रांति के महानायक अमर शहीद डा. शिवपूजन राय के इकलौते पुत्र दीनानाथ शास्त्री 83 वर्ष का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही नाते-रिश्तेदारों के साथ ही जिलेवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
शेरपुर गांव निवासी डा. शिवपूजन राय के इकलौते पुत्र दीनानाथ शास्त्री काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार की दोपहर वाराणसी में उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे दो पुत्र ओमप्रकाश राय एवं अजय राय का भरापूरा परिवार छोड़ गए है। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी हरिश्चंद्र घाट पर हुआ। मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र वरिष्ठ पत्रकार अजय राय ने दी। दीनानाथ शास्त्री कांग्रेस से जुड़े रहे। वे एक बार गाजीपुर से लोकसभा एवं दिलदारनगर नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके है। वे प्रति वर्ष 18 अगस्त को शहीद पार्क मुहम्मदाबाद में आकर अष्ट शहीदो को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते थे। इस वर्ष 18 अगस्त 2020 को शासन की तरफ से स्वतंत्रता सेनानी व शहीद पुत्रों को सम्मानित किया जाना था, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वे नहीं आ सके थे और उनके स्थान पर उनके छोटे पुत्र पत्रकार अजय राय ने सम्मान पत्र प्राप्त किया था। दीनानाथ शास्त्री के निधन पर शहीद स्मारक समिति के सदस्य, आनंद राय सांकृत, सच्चिदानंद राय, अनुज राय, शेरपुर के प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय, पूर्व प्रधान जयप्रकाश राय, भाजपा नेता विरेन्द्र राय, डीसीएफ के चेयरमैन विजय शंकर राय, आनंद कुमार त्रिपाठी, पूर्व प्रधान कृपाशंकर राय, ओमप्रकाश उपाध्याय, काग्रेंस के प्रदेश सचिव डा. जनक कुशवाहा आदि ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि वे स्पष्टवादी और जुझारू नेता थे। शहीद पुत्र के निधन से समाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में जो रिक्तता आई है, निकट भविष्य में उसकी भरपाई सम्भव नहीं है।
