भांवरकोल:क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेरपुर कला प्रथम में दीपोत्सव पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया । पटाखों से होने वाली नुकसान के बारे में शिक्षकों ने बताया।
स्कूल के छात्र छात्राओं ने दीपोत्सव के अवसर पर सुन्दर और मनमोहक रंगोलियां बनाकर विद्यालय प्रांगण को सजाया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक बाला जी राय ने दीपावली के महत्व को भी बच्चों के साथ साझा करते हुए कहा कि त्यौहार का उद्देश्य खुशियों को बांटना है। हमें इन खुशियों को जरूरतमंदों व गरीबों के बीच बांटने से जो शांति प्राप्त होती है, वहीं त्यौहार का असली उद्देश्य है। इस अवसर पर बच्चों के द्वारा बनायी गयी रंगोली की सराहना करते हुए उन्होंने सभी से रंगोली दीपावली मनाने की अपील की।
इस अवसर पर डिम्पल राय ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि दीपावली का मतलब अपने घर आंगन या गली मोहल्ले को रोशन करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य हमें अपने अन्दर छिपी बुराईयां रूपी अंधियारे को खत्म करने के लिए सकारात्मक और शुद्ध विचारों के दिये जलाकर अंतरात्मा को प्रकाशवान बनाना है।
उन्होंने बच्चों को ग्रीन दीपावली मनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वह इस त्यौहार पर अपने परिजनों को भी प्रदूषण मुक्त पर्व मनाने के लिए जागरुक करें।
शिक्षक सुरेश राय ने कहा कि तेज आवाज वाले घातक पटाखों से दूर रहें और पर्यावरण की रक्षा के लिए इको फ्रेंडली त्यौहार मनायें। अंत में उन्होंने सभी को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर शिक्षिका पूजा राय , सविता राय सहित स्कूल के बच्चे मौजूद रहे।
(अजय कुमार यादव की रिपोर्ट)
