ग्रामीणों ने युवक को बच्चा चोर समझ कर दिया धुनाई

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के मिरानपुर उर्फ मड़ियावडीह गांव में शनिवार को लड़का चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़कर ग्रामीणों ने पिटाई शुरू कर दी। इसकी जानकारी होते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर भीड़ से उक्त युवक को छुड़ाकर थाने लाई।

गांव के ही सुरेश राजभर ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के छोटे बच्चे महुंवी गांव से पढ़कर घर आ रहे थे, इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनको पकड़कर साथ ले जाने का प्रयास किया। बच्चे किसी तरह भागकर घर पहुंचे। इसकी जानकारी होते ही पूरे गांव में हो हल्ला शुरू हो गया। काफी लोग एकत्र हो गये। कुछ देर के बाद गांव में एक बाइक सवार अजनबी को देख ग्रामीण पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह इसकी जानकारी होने पर पुलिस वहां पहुंची। प्रभारी निरीक्षक धर्मेद्र कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की जांच हो रही है। मामला बच्चा चोरी का प्रतीत नहीं हो रहा है।