पटना जंक्शन पर बनकर तैयार हुआ देश का सबसे बड़ा वेटिंग हॉल

पटना जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र व राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही ओयो काउंटर के जरिए होटल की बुकिंग की सुविधा मिलने लगेगी। अगस्त के अंतिम सप्ताह तक ओयो इन चारों स्टेशनों पर अपना काउंटर खोल देगा। काउंटर पर पहुंचने वाले यात्रियों को कंपनी के कर्मी कमरे की बुकिंग के साथ स्टेशन से दूरी और वाहनों के किराए की भी जानकारी दे देंगे। इसके साथ पटना जंक्शन पर यात्रियों को अन्य नौ नई सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा। इनका शुभारंभ एक सितंबर को एक साथ होने की संभावना है। इसमें फूड कोर्ट, वेटिंग हॉल, कोच इंडिकेशन बोर्ड, एस्केलेटर, हमसफर एप, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, मनोरंजन के लिए ट्रेनों में वाई-फाई कनेक्शन, बोर्डिग पास और बिग विज्ञापन स्क्रीन टीवी शामिल है।

पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा वेटिंग हॉल बनकर तैयार है। इस वेटिंग हॉल को लंबी दूरी की ट्रेनों के अनारक्षित और आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के अनुकूल बनाया गया है। 550 यात्री क्षमता वाले इस वेटिंग हॉल का निर्माण अंतिम चरण में हैं। गुरुवार से यहां कुर्सियां लगने लगेंगी। इसके मेंटेनेंस का जिम्मा प्राइवेट कंपनी को सौंपा जा सकता है। गौरतलब है कि जहां वेटिंग हॉल बन रहा है वहां पहले अनारक्षित टिकट काउंटर थे।

केंद्रीय मंत्री करेंगे शुभारंभ: दरअसल, एक सितंबर को पटना जंक्शन परिसर में वेटिंग हॉल, फूड प्लाजा, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, एस्केलेटर, एलईडी एडवरटिजमेंट बोर्ड, ओयो, और अनरिजर्व बोर्डिंग पास की सुविधा की शुरुआत होगी। इन सात सुविधाओं की शुरुआत केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद करेंगे। इसी को ध्यान में रखकर गुरुवार को सभी निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेने रेलवे जीएम एलसी त्रिवेदी पटना जंक्शन पहुंचे। जीएम ने इस दौरान वेटिंग हॉल को यात्रियों की सुविधाओं के लिहाज से विकसित करने का सुझाव दिया।


उन्होंने पार्सलघर के पास फुटओवरब्रिज से जुड़े दो एस्केलेटर के निर्माण की प्रगति देखी। इससे पार्सलघर के पास से करबिगहिया की ओर रेल परिसर में आने-जाने वाले नि:शक्त, बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को आसानी होगी। प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेशन बोर्ड भी लगाया जाएगा। पटना जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने वाले अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी होगा। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों में प्रयोग के तौर पर इसे शुरू किया जा रहा है। अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को आरपीएफ एक पास जारी करेगा। इसी आधार पर यात्रियों को बोगी में इंट्री मिलेगी