निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के लिए बना कंट्रोल रूम

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विचरण कर रहे निराश्रित व बेसहारा गोवंश के संरक्षण हेतु सूचनायें प्राप्त करने तथा उस पर त्वरित कार्रवाई के लिए पशुपालन विभाग में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका नंबर-7376830669 है। इसकी जानकारी मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने शनिवार को दी।

उन्होंने बताया है कि निराश्रित और बेसहारा पशुओं में कुछ गोवंश अभी तक खेतों में व विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर देखे जा रहे हैं। निराश्रित और बेसहारा गोवंश के लिए जनपद में विभिन्न स्थलों पर अस्थायी निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल तथा विकास खंड बाराचवर में स्थित ग्राम पंचायत परजीपाह में स्थायी गोवंश आश्रय स्थल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनके संरक्षण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर पशुपालन विभाग ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास एवं राजस्व विभाग द्वारा आपसी समन्वय स्थापित कर पशुपालकों को प्रेरित करते हुए निराश्रित गोवंश को संरक्षित किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि कंट्रोल रूम को संचालित करने के लिए प्रदीप कुमार यादव, पशुधन प्रसार अधिकारी को प्रभारी नामित किया गया है जो रजिस्टर संरक्षित करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर छुट्टा घूमने वाले पशुओं का विवरण दर्ज कर इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधीशासी अधिकारी, को प्रेषित कर अवगत करायेंगे।