सुहवल थाना क्षेत्र के मेदनीपुर तिराहे पर काफी दिनों से ओवरलोड बालू लदे ट्रक आते थे। यहां से बालू को ट्रैक्टर पर लादकर दूसरे जगह भेजा जाता था। इसकी जानकारी होते ही डीएम के. बालाजी के निर्देश पर जमानियां एसडीएम रमेश मौर्य के नेतृत्व में गठित छह सदस्यीय टीम तहसीलदार जमानियां आलोक कुमार, खनन निरीक्षक जितेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, यात्री कर अधिकारी मनोज कुमार, उपनिरीक्षक बलवंत यादव, उपनिरीक्षक राजेश कुमार गिरी सहित भारी पुलिस बल के साथ सुबह आठ बजे ही मेदनीपुर आ धमके। इससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

बालू सभी ट्रकों को तत्काल जो जहां था, वहीं रोक दिया गया। एसडीएम ने ओवरलोड बालू, गिट्टी, अवैध खनन, भंडारण की शिकायत की सघन जांच संग संबंधितों से की। वहीं बहुत से चालक अपने वाहनों को छोड़कर खेत के रास्ते फरार हो गए। इधर टीम ने एक-एक कर वाहनों पर लदे ओवरलोड बालू की माप की जो निर्धारित औसत से काफी ज्यादा लदे मिले। मेदनीपुर में पेट्रोल पंपों पर अवैध डंपिग बालू को भी सीज कर दिया गया। साथ ही पंप संचालकों को चेताया गया कि अवैध तरीके से बालू डंपिग, इनका संचालन किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी सीज किए गए ट्रकों को सुहवल थाने भिजवा दिया।

