आखिर क्यों भाइयो ने बहन को गंगा में फेंका

गाजीपुर में भांवरकोल थानाक्षेत्र के  पखनपुरा   गांव में रविवार शाम दो भाइयों ने बहन को गांव के ही युवक के साथ देख लिया। मां के कहने पर दोनों भाइयों ने देर शाम बहन को अधमरा कर हाथ-पांव बांधकर गंगा नदी में फेंक दिया। बक्सर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर युवती की तलाश शुरू की, पर उसका कोई पता नहीं चल सका।

पखनपुरा निवासी एक महिला अपनी बेटी और दो बेटों अविनाश व अभिषेक के साथ रहती है। महिला का पति बाहर नौकरी करता है। रविवार को महिला बेटी को घर पर छोड़कर पड़ोस के गांव स्थित मायके गई थी। इसी बीच घर में युवती के साथ गांव के ही युवक को देख पड़ोसियों ने मां और भाइयों को सूचना दी। भाइयों ने पहले तो युवक को पकड़ना चाहा, लेकिन वह बचकर भाग निकला। इसके बाद मां के घर लौटने पर भाइयों ने बहन को मारपीट कर अधमरा कर दिया। दोनों भाई अधमरी हालत में बहन को ऑटो से भरौली पुल पर ले गए, जहां बहन के हाथ-पांव बांधकर गंगा नदी में फेंक दिया। उन्हें ऐसा करते देखकर ग्रामीणों ने दबोच लिया और पुलिस को फोन किया।


सूचना पर पहले बलिया पुलिस पहुंची, लेकिन घटनास्थल बिहार का होने की वजह से बक्सर पुलिस को बुलाया गया। बक्सर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। गोताखोरों से युवती की तलाश कराई गई लेकिन धारा के बहाव में वह दूर निकल गई। पुलिस को पटना के पास किसी गांव में एक युवती का शव मिलने की सूचना है, लेकिन शिनाख्त अभी नहीं हुई है।