बादमाशो के हौसले बुलंद,कांस्टेबल को मारी गोली

गाजीपुर। बाइक लूट कर भागे दुस्साहसी बदमाशों ने पीछा कर रहे कांस्टेबल को गोली मार दी और अपनी बाइक छोड़ कर वह अंधेरे में लापता हो गए। घायल कांस्टेबल विक्रम सिंह(35) को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी है। वह मरदह थाने पर तैनात हैं। घटना गुरुवार की रात करीब पौने दस बजे दुल्लहपुर-मरदह मार्ग पर मरदह थाने के कछुवरा पुलिया के पास हुई। घटना के बाद पुलिस कप्तान डॉ.अरविंद चतुर्वेदी की अगुवाई में पूरी रात कांबिंग हुई, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। लुटेरों की छोड़ी गई बाइक पुलिस ने कब्जे में ले ली है। यह बाइक भी लूट की निकली है। उसे मरदह थाना क्षेत्र से बीते 17 जुलाई को लूटा गया था। वह मामला मरदह थाने में पहले से दर्ज है।

बाइक सवार बदमाशों ने दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में मरदह मार्ग पर जलालाबाद ग्राम पंचायत के मुहल्ला मियना बड़ा के पास निर्जन स्थान पर देवा गांव के उमाशंकर पांडेय को जबरिया रोके और असलहे के बल पर उनकी बाइक लूट कर  भाग निकले। तब उमाशंकर अपने घर से ड्यूटी पर इंटर कॉलेज भोजापुर जा रहे थे। जहां वह चौकीदार हैं। उन्होंने खुद के साथ हुई वादरात की सूचना पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस हरकत में आई। वायरलेस के जरिये मरदह और बिरनो थाने को भी अलर्ट कर दिया गया। उसी बीच गश्त पर निकली मरदह थाने की पुलिस टीम रास्ते की घेरेबंदी कर ली। कुछ ही देर में बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह रुकने के बजाय बाइक की गति और तेज कर दिए। एक कांस्टेबल ने डंडा चला कर उन्हें रोकना चाहा। बावजूद बदमाश आगे निकल गए। यह देख कांस्टेबल विक्रम सिंह ने हिम्मत दिखाई और अपनी बाइक से उनका पीछा शुरू कर दिया। विक्रम सिंह को करीब आते देख भाग रहे बदमाशों में बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पलट कर विक्रम सिंह पर गोली दाग दी। गोली विक्रम सिंह के दाहिने हाथ में लगी और वह मय बाइक पलट गए। उसके बाद विक्रम सिंह के पीछे आ रहे पुलिस कर्मियों ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। बदमाश पकड़े जाने के भय से कुछ ही दूर बाद अपनी बाइक छोड़ कर खेत के रास्ते अंधेरे में भाग निकले।

जाहिर है कि बाइक लूट और पुलिस कांस्टेबल को गोली मार कर लुटेरों के भाग जाने की घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। पुलिस कप्तान ने दावा किया कि घटना में शामिल बदमाशों को जल्द ही ढूंढ़ निकाला जाएगा। वैसे घटना के बाद बदमाशों का भाग निकलना और उनकी छोड़ी गई बाइक का मरदह थाना क्षेत्र से लूट का होना यह साबित करता है कि बदमाश इलाकाई हैं और वह इलाके के हर रास्ते से वाकिफ हैं। उधर बदमाशों के शिकार बने उमाशंकर पांडेय ने बताया कि वह घर से जलालाबाद के बड़ा मियना पहुंचे ही थे कि दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने ओवरटेक कर उनको गालियां देते हुए जबरिया रोक लिया। अचानक रुकने की हड़बड़ी में उमाशंकर मय बाइक गिर पड़े। बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। फिर बाइक उठा कर वह सभी चलते बने थे।