गाजीपुर:मंगलवार से बिगड़ा मौसम का मिजाज लगातार तीसरे दिन भी गड़बड़ाया रहा। सुबह से आसमान में छाए बादल तो चढ़ते दिन के साथ छंट गए लेकिन सर्द हवाएं बदन को सिहराती रहीं। दोपहर बाद मौसम ने फिर से पलटी मारी। धुमैली हुई धूप पर हवाओं का सितम हावी रहा।
मौसम को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार ने 8 वीं तक के स्कूल 20 दिसम्बर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। बता दें कि मंगलवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। एक तो बदली उस पर हल्का कोहरा, आवागमन में व्यवधान डालता रहा। दोपहर एक बजे के बाद हल्की धूप निकली तो कोहरे ने भी सड़कों से किनारा कर लिया। दिन भर बादलों की लुका-छुपी का खेल चलता रहा। सर्द हवाएं ठंड के सितम को बढ़ाती रहीं। दोपहर बाद मौसम में दोबारा बदलाव हो गया। सर्द हवाओं से बचने के लिए दिन भर लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे।
