गाजीपुर।जिले में आरपीएफ ने नई दिल्ली से छपरा की ओर जा रही डाउन सद्भावना एक्सप्रेस की बोगी से करीब 48 बोरी जलीय जीव घोंघा सोमवार को बरामद किया है। इतनी बड़ी मात्रा में घोंघा बरामद होने के बाद आरपीएफ की टीम ने भी तस्करों के हौसले पर हैरानी जताई है। वहीं बोरे में घाेंघे किन वजहों से और कहां ले जाए जा रहे थे इस बात की पड़ताल शुरू कर दी गई है। गाजीपुर सिटी स्थित आरपीएफ थाने के निरीक्षक उदय राज को सूचना मिली कि सद्भावना ट्रेन से कुछ लोग जलीय जीव घोंघा लादकर ले जा रहे। ट्रेन के गाजीपुर सिटी स्टेशन पर वह बोगी में घुसकर जांच शुरू किए, तब तक ट्रेन चल दी। एक बोगी में बोरियों में भरा घोंघा मिलने पर उन्होंने यूसुफपुर में ट्रेन रूकने पर सभी बोरियों को वहां उतरवाया। बोरी लेकर जा रही कुछ महिलाओं को भी पकड़ा गया।
