गाजीपुर:भांवरकोल ब्लाक के शेरपुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान के निधन के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव की घोषणा जिला निर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने कर दी है। ज्ञात हो कि शेेरपुर की ग्राम प्रधान मंजू देवी के असमय निधन के पश्चात चंद्रभूषण राय को कार्यवाहक प्रधान चुना गया था लेकिन कुुछ महीनों के बाद उन्हें भी पद से हटाकर उर्मलेश उपाध्याय को गाँव का नया कार्यवाहक प्रधान चुन लिया गया था।
शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी की घोषणा के मुताबिक शेरपुर में 3 फरवरी को मतदान व 5 फरवरी को मतगणना होगी जबकि प्रधान पद के लिए नामांकन 23 व 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। नामांकन पत्रों की जाँच 27 जनवरी को होगी वहीं 28 जनवरी को शाम 3 बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। इसके बाद बचे हुए नामों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किये जायेंगे। 20 जनवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री भी शुरू हो जायेगी। शेरपुर ग्राम पंचायत के लिए महिला आरक्षित सीट निर्धारित है।
